धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने स्पेशल एजुकेटर शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 7 जून 2026 को प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए हैं, जिन्हें उम्मीदवार ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष स्पेशल एजुकेटर टीईटी परीक्षा में कुल 535 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए प्रदेशभर में तीन विशेष परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित होगी और प्रत्येक परीक्षा की अवधि ढाई घंटे निर्धारित की गई है।
पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक के लिए पात्रता परीक्षा होगी। इस सत्र में सबसे अधिक 407 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। वहीं दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें छठी से बारहवीं कक्षा तक के लिए पात्रता परीक्षा होगी। इस सत्र में 128 उम्मीदवार शामिल होंगे।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें। इसके लिए उम्मीदवारों को HPBOSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करनी होगी। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसका प्रिंट निकालना अनिवार्य होगा।
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ एक वैध मूल पहचान पत्र भी साथ लाना होगा। बोर्ड ने उम्मीदवारों से परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
यदि किसी अभ्यर्थी को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त करने में कोई समस्या आती है, तो वह बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 01892-242192 पर संपर्क कर सकता है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!