शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जोनल अस्पताल में बुधवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई। नियमित टीकाकरण के कुछ घंटे बाद 45 दिन की एक बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, जबकि परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान संजौली निवासी कियांशी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे बच्ची को निर्धारित कार्यक्रम के तहत 6 सप्ताह (45 दिन) पर लगने वाले नियमित टीके लगवाने के लिए डीडीयू अस्पताल ले जाया गया था। टीकाकरण के बाद अस्पताल स्टाफ ने करीब आधे घंटे तक बच्ची को निगरानी में रखा और स्थिति सामान्य होने पर परिवार को घर भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे घर पहुंचने के बाद बच्ची की हालत अचानक बिगड़ने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची ने प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया और उसकी नाक से खून बहने लगा। इसके बाद परिवार तुरंत बच्ची को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) के आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचा।
आईजीएमसी के चिकित्सकों ने बच्ची को बचाने के लिए आवश्यक चिकित्सा प्रक्रिया अपनाई और सीपीआर भी दिया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शाम को आईजीएमसी के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग में बच्ची के शव का पोस्टमार्टम किया गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है और फिलहाल सीधे तौर पर वैक्सीन से मौत होने की पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों ने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जिसे जांच के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) जुन्गा भेजा जाएगा। अंतिम निष्कर्ष एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
गौरतलब है कि जन्म के 45 दिन बाद शिशुओं को पेंटावेलेंट, इंजेक्टेबल पोलियो और न्यूमोकोकल वैक्सीन लगाई जाती हैं। इसके साथ रोटा वायरस और ओरल पोलियो की खुराक भी दी जाती है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस दोनों स्तरों पर जांच शुरू कर दी गई है।
एएसपी अभिषेक ने बताया कि परिजनों की शिकायत प्राप्त हुई है और मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!