Solan: सोलन में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन अलग-अलग जगहों से चिट्टा बरामद, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

सोलन, हिमाचल प्रदेश: जिला सोलन में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में चिट्टा (हेरोइन) बरामद करते हुए कार्रवाई की है।

पहले मामले में, कंडाघाट थाना पुलिस की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान ओल्ड पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.94 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस अब नशे के स्रोत तथा अन्य संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।

दूसरे मामले में, जिला सोलन पुलिस की SIU टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टोल प्लाजा सनवारा के पास एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 6.16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया है और अदालत से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड भी प्राप्त हुआ है। पुलिस इस मामले में नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

तीसरे मामले में, 02 जून 2026 को दाड़लाघाट थाना पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर एक वाहन की तलाशी के दौरान 3.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। इस मामले में 25 वर्षीय युवक को नामजद कर एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के बाद BNSS के प्रावधानों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!