बैजनाथ, कांगड़ा, 19 मई 2026: जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बैजनाथ थाना में दर्ज हैरोइन तस्करी मामले में आरोपियों की करीब 96.77 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
बैजनाथ पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी सोनिका राणा और उसके बेटों प्रिंस राणा तथा आकाश राणा की चल और अचल संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत फ्रीज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गहन जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर नशा तस्करी के जरिए बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की थी।

पुलिस ने जांच के दौरान सभी संपत्तियों का रिकॉर्ड जुटाया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद फ्रीज करने की कार्रवाई अमल में लाई। फ्रीज की गई संपत्तियों में दो बोलेरो पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, एक आवासीय मकान, सोने-चांदी के आभूषण, बैंक खातों में जमा राशि, एफडीआर और एलआईसी पॉलिसियां शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि अब आरोपी बिना प्रशासनिक अनुमति इन संपत्तियों की खरीद-फरोख्त, बिक्री या किसी अन्य व्यक्ति के नाम हस्तांतरण नहीं कर सकेंगे। जिला कांगड़ा पुलिस ने साफ किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और केवल नशा बरामद करना ही नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों पर कार्रवाई करना भी इस अभियान का अहम हिस्सा है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में फैले नशा नेटवर्क को खत्म करने के लिए भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। करीब एक करोड़ रुपए की संपत्तियां फ्रीज किए जाने के बाद बैजनाथ क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसी कार्रवाई नशा कारोबारियों के लिए बड़ा संदेश साबित होगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!