नाहन, सिरमौर, 19 मई 2026: हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) ने महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नाहन बस स्टैंड परिसर में ‘ब्रेस्टफीडिंग रूम’ की शुरुआत की है। अब छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को बच्चों को दूध पिलाने के लिए खुले स्थानों में परेशान नहीं होना पड़ेगा। यह नई सुविधा खास तौर पर महिलाओं को एकांत, सुरक्षा और आराम देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
बस स्टैंड प्रभारी अनिल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह ब्रेस्टफीडिंग रूम प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि करीब एक महीने पहले सरकार की ओर से जारी निर्देशों के बाद इस सुविधा को बस स्टैंड परिसर में विकसित किया गया है।

उन्होंने बताया कि पहले महिला यात्रियों को बस स्टैंड पर बच्चों को दूध पिलाने में काफी असहज स्थिति का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। कमरे को इस तरह तैयार किया गया है कि महिलाओं को पूरी निजता और सुरक्षित माहौल मिल सके।
अनिल कुमार ने कहा कि उपमंडल प्रबंधक की देखरेख में इस कमरे को तैयार किया गया है और भविष्य में भी यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया जाएगा। HRTC और प्रशासन की इस पहल को महिला यात्रियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!