हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां देहरा पुलिस थाना क्षेत्र में एक 24 वर्षीय युवती की सांप के काटने से मौत हो गई। युवती ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी देहरा नवदीप सिंह ने बताया कि यह घटना देर रात की है। जानकारी के अनुसार युवती रात के समय किसी काम से घर से बाहर गई थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटी तो अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के लोगों ने उसकी हालत गंभीर देख तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने युवती की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया। टांडा अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों को युवती के पैर पर सांप के काटने के दो निशान मिले। परिजनों ने भी इन निशानों को देखा, जिसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि उसे किसी जहरीले सांप ने काटा था।
अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन शरीर में जहर तेजी से फैल जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मामले में जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!