Kangra: बैजनाथ में पेयजल और सीवरेज कार्यों पर SDM संकल्प गौतम सख्त, अधिकारियों को दिए बड़े निर्देश

बैजनाथ, 12 मई। उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने सोमवार को खड़ानाल और आसपास के क्षेत्रों में जल शक्ति विभाग द्वारा चलाए जा रहे पेयजल पाइपलाइन कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और तय समय सीमा को लेकर विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने साफ कहा कि आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने उतराला वाया मलघोटा वैकल्पिक सड़क मार्ग के किनारों को दुरुस्त करने और संकरे स्थानों को चौड़ा करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को आवाजाही में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पेयजल योजनाएं सीधे तौर पर जनहित से जुड़ी होती हैं और इनका मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर और सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाना है।

एसडीएम संकल्प गौतम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि पाइपलाइन को सुरक्षित और उपयुक्त स्थानों से बिछाया जाए, ताकि भविष्य में सड़क मार्ग और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

इस दौरान एसडीएम ने पपरोला से उतराला सड़क मार्ग पर चल रहे सीवरेज कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर कार्य पूरा कर सड़क को दोबारा वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राहुल धीमान, कनिष्ठ अभियंता पवन धीमान सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!