Kangra: शाहपुर भाजपा में बड़ा कन्फ्यूजन! भतल्ला वार्ड में आखिर असली उम्मीदवार कौन, कार्यकर्ता भी हुए असमंजस में

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के जिला परिषद भतल्ला वार्ड में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी को लेकर राजनीतिक माहौल अचानक गर्म हो गया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा विजय कुमार को आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किए जाने के बावजूद स्थानीय स्तर पर केवल शर्मा की सक्रियता और कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं की मौजूदगी ने कार्यकर्ताओं और जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है।

भाजपा की पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनाव समिति के प्रदेश संयोजक विपिन सिंह परमार द्वारा 9 मई को जारी सूची में भतल्ला वार्ड से विजय कुमार को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया था। लेकिन इसके बाद सामने आए घटनाक्रम ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया।

दरअसल, कांगड़ा भाजपा के पूर्व महामंत्री राकेश चौहान सहित कई स्थानीय नेता केवल शर्मा का नामांकन दाखिल करवाते हुए नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल होने लगी, जिसमें केवल शर्मा के साथ कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज, शाहपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि दत्त, धारकंडी मंडल अध्यक्ष अशोक वशिष्ठ और राकेश चौहान दिखाई दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के साथ यह दावा भी किया जा रहा है कि नामांकन दाखिल करने के बाद केवल शर्मा ने सांसद राजीव भारद्वाज से आशीर्वाद लिया। इसी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

स्थानीय स्तर पर अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर भाजपा का वास्तविक समर्थन किस उम्मीदवार के साथ है। कार्यकर्ताओं के बीच असमंजस बना हुआ है कि पार्टी हाईकमान द्वारा घोषित विजय कुमार का समर्थन किया जाए या फिर स्थानीय नेताओं के साथ नजर आ रहे केवल शर्मा का।

राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या स्थानीय नेता पार्टी हाईकमान के फैसले से पूरी तरह सहमत नहीं हैं या फिर प्रत्याशी चयन में उनकी राय को नजरअंदाज किया गया। वायरल तस्वीरों और मौजूदा घटनाक्रम ने शाहपुर भाजपा में गुटबाजी की चर्चाओं को भी हवा दे दी है।

भतल्ला वार्ड में अब चुनावी मुकाबला केवल प्रत्याशियों के बीच नहीं बल्कि भाजपा के अंदरूनी समीकरणों की परीक्षा के रूप में भी देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में पार्टी नेतृत्व इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!