Shimla: नारकंडा बाजार में बड़ा हादसा टला! तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ट्राले से टकराई, कई यात्री घायल

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नारकंडा बाजार में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। चंडीगढ़ से रामपुर जा रही हरियाणा रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन बस में सवार करीब 12 से 13 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज की बस नंबर HR 67GV-7398 यात्रियों को लेकर चंडीगढ़ से रामपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस नारकंडा बाजार के पास पहुंची, वह सड़क किनारे खड़े ट्राले नंबर PB 65AS-0829 से टकरा गई। पुलिस के मुताबिक बस चालक की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी संदीप कुमार के रूप में हुई है।

कुल्लू जिले के निरमंड निवासी शिकायतकर्ता खेम चंद ने बताया कि हादसे के समय बस में उनके अलावा करीब 12-13 अन्य यात्री भी मौजूद थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जबकि किसी को गंभीर चोट नहीं लगी। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ यात्री अपनी सुविधा के अनुसार आगे के सफर के लिए रवाना हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और हालात का जायजा लिया। पुलिस चौकी नारकंडा के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार ने शिकायतकर्ता खेम चंद के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने माना है कि हादसा बस चालक द्वारा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 173 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!