Bomb Threat in Rohru: अदालत और SDM कार्यालय को उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस हाई अलर्ट पर

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के उपमंडल रोहड़ू में उस समय हड़कंप मच गया जब अदालत परिसर और एसडीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक पोस्टर बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया है, जबकि पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए हैं।

जानकारी के अनुसार पोस्टर में सीधे तौर पर अदालत और एसडीएम कार्यालय को निशाना बनाने की बात लिखी गई है। इसमें कहा गया है कि “इतलाहे मुबारक का वक्त करीब है। आतिशबाजी से जश्ने इबारत तामिल होगी। इंशा अल्लाह बुधवार को रोहड़ू की अदालत और एसडीएम ऑफिस में धमाकों की गूंज दिल्ली तक सुनाई देगी।” इस तरह की भाषा ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

धमकी भरा पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रोहड़ू के एसडीएम कार्यालय और अदालत परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। पूरे क्षेत्र में कड़ी नाकाबंदी की गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। आसपास के इलाकों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने दोनों परिसरों की बारीकी से तलाशी ली। फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या खतरा सामने नहीं आया है।

पुलिस प्रशासन अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है और खुफिया एजेंसियों की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह पोस्टर किसने लगाया। हालांकि, अब तक पुलिस या प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अचानक मिली इस धमकी के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!