Kangra: चरस तस्करी नेटवर्क का बड़ा खुलासा: बैजनाथ से मंडी तक फैला कनेक्शन, पुलिस जांच में सामने आए नए सुराग

कांगड़ा जिले की लम्बागांव पुलिस ने चरस तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई पहले से गिरफ्तार किए गए बैजनाथ के नगेहड़ क्षेत्र निवासी सुरिंदर कुमार से पूछताछ के बाद सामने आए खुलासों के आधार पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस रिमांड के दौरान सुरिंदर कुमार से की गई गहन पूछताछ में उसने बताया कि उसने मंडी जिले की बालीचौकी तहसील के गांव भाओगी निवासी 53 वर्षीय दिलीप सिंह पुत्र लाल सिंह से बरामद की गई चरस खरीदी थी।

इससे पहले सुरिंदर सिंह को एक किलो 117 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने मंडी जिले में दबिश दी और आरोपी दिलीप सिंह को हिरासत में लेकर लम्बागांव लाया गया।

पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ के बाद इस मामले में एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है, जो चरस सप्लाई से जुड़ा हुआ है। हिरासत में लिए गए दूसरे आरोपी दिलीप सिंह को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मामले की पुष्टि डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने की है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!