Mystery Car Blast Case: भरवाईं हादसे में दूसरे शव की पहचान, लुधियाना से जुड़ी कड़ी आई सामने

ऊना जिले के भरवाईं-होशियारपुर मार्ग पर बुधवार को हुए दर्दनाक कार हादसे से जुड़ी एक बड़ी अपडेट सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में दूसरे शव की भी पहचान कर ली है। मृतका की पहचान मीनाक्षी, पुत्री राज कुमार निवासी गांव गाहलियां (कांगड़ा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती लुधियाना में नौकरी करती थी और हादसे के समय वह लुधियाना निवासी रजनीश उर्फ पिंकू के साथ कार में सवार थी।

इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि हादसे से पहले युवती के परिजनों ने लंज चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिजनों के अनुसार, वह बिना बताए घर से चली गई थी और उसका फोन भी बंद आ रहा था। हादसे के दौरान कार खाई में गिरने के बाद उसमें ब्लास्ट हुआ और आग लग गई, जिससे युवती का शव बुरी तरह जल गया और उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया।

इस जटिल मामले को सुलझाने में सीसीटीवी कैमरों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने फुटेज की मदद से कार की आवाजाही और उसमें सवार लोगों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। जांच के बाद युवती के शव का टांडा में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि युवक रजनीश उर्फ पिंकू की पहचान पहले ही हो चुकी थी और अब युवती की भी शिनाख्त कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवती पहले से युवक को जानती थी या उसने रास्ते में लिफ्ट ली थी। मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले समय में और खुलासे होने की संभावना है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!