हिमाचल प्रदेश के स्कूल शिक्षा विभाग ने युवाओं के लिए बड़ी खबर देते हुए बैचवाइज आधार पर 355 शारीरिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी और इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में तैयारी शुरू हो चुकी है। विभाग के अनुसार इन पदों के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया 3 और 4 जून को आयोजित की जाएगी, जो सभी जिलों के उपनिदेशक स्कूल शिक्षा और प्रारंभिक शिक्षा कार्यालयों में होगी। अभ्यर्थियों को अपने गृह जिले में ही काउंसलिंग में भाग लेना अनिवार्य होगा।
विभाग ने साफ किया है कि उम्मीदवारों को निर्धारित प्रपत्र में सभी 12 जिलों की प्राथमिकता क्रम भरकर जमा करनी होगी। एक बार प्राथमिकता भरने के बाद इसमें किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा किसी भी अभ्यर्थी को दूसरे जिले में काउंसलिंग में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। केवल वही उम्मीदवार काउंसलिंग में बैठ सकेंगे, जो 10 जनवरी 2011 के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत पात्र हैं।
जिलावार पदों की बात करें तो बिलासपुर में 10, चंबा में 29, हमीरपुर में 18, कांगड़ा में 75, किन्नौर में 7, कुल्लू में 24, लाहौल-स्पीति में 5, मंडी में 62, शिमला में 42, सिरमौर में 30, सोलन में 14 और ऊना में 39 पद भरे जाएंगे। इस भर्ती में वर्ष 2005 से 2008 बैच के अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है। विभाग के अनुसार सामान्य वर्ग के लिए 31 दिसंबर 2005 तक के बैच, ईडब्ल्यूएस के लिए 31 दिसंबर 2006, जनरल फ्रीडम फाइटर के लिए 2007, ओबीसी और बीपीएल के लिए 31 दिसंबर 2008, एससी अनारक्षित के लिए 31 दिसंबर 2007, एससी बीपीएल के लिए 31 दिसंबर 2008, एसटी अनारक्षित के लिए 31 दिसंबर 2007 और एसटी बीपीएल के लिए 31 दिसंबर 2008 बैच के अभ्यर्थी पात्र होंगे।
यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए बड़ा मौका मानी जा रही है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे। शिक्षा विभाग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!