HPTU Big Update: रिवैल्यूएशन रिजल्ट जारी, एग्जाम फॉर्म भरने की आखिरी तारीख नजदीक

हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर ने छात्रों के लिए बड़ा अपडेट जारी करते हुए पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) के परिणाम घोषित कर दिए हैं। विश्वविद्यालय के कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक अनुपम कुमार ठाकुर ने जानकारी दी कि बीटेक, बी.फार्मेसी, एमबीए और एमसीए सहित विभिन्न कोर्सों के कुल 5084 छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। इनमें से 4225 छात्रों का परिणाम जारी कर दिया गया है, जिसे अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं। वहीं, 858 उत्तर पुस्तिकाएं अभी पुनर्मूल्यांकन के लिए प्रक्रिया में हैं और उनका परिणाम जल्द घोषित किया जाएगा।

इसी के साथ विश्वविद्यालय ने मई और जून में प्रस्तावित नियमित सेमेस्टर और री-अपीयर परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। छात्र 27 अप्रैल तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं, जबकि 28 अप्रैल के बाद लेट फीस लागू होगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। कुलसचिव ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पोर्टल खोल दिया गया है और सभी पात्र छात्र निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि बीटेक, बीफार्मेसी, एमबीए, एमसीए, एमटेक और एम.फार्मेसी सहित सभी यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं की संभावित तिथियां जल्द जारी की जाएंगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी परीक्षा केंद्रों को पहले ही सूचित कर दिया गया है।

छात्रों के लिए एक और राहत भरी खबर यह है कि विश्वविद्यालय ने सीबीसीएस और एनईपी के तहत डिग्री पूरी कर चुके अभ्यर्थियों को अपनी क्लास या ग्रेड सुधारने का मौका देने का फैसला किया है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 मई तक ऑफलाइन परीक्षा फॉर्म जमा कर सकते हैं और अपने परिणाम में सुधार का अवसर पा सकते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!