Mandi Big Drug Bust: सुंदरनगर में स्कॉर्पियो से 582 ग्राम चरस बरामद, पंजाब के 6 युवक गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और सफलता हासिल की है। थाना सुंदरनगर की पुलिस टीम ने पुंघ फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 582 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में गाड़ी में सवार सभी 6 युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक दौलतराम के नेतृत्व में पुलिस टीम पुंघ फोरलेन पर मंडी की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान पंजाब नंबर की स्कॉर्पियो वहां से गुजरी, जिस पर पुलिस को शक हुआ। गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली गई, जिसमें सवार युवकों के कब्जे से 582 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर गाड़ी को भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं। उनकी पहचान कुलजीत (21) निवासी मानक माजरा जिला मलेरकोटला, युवराज सिंह (22) निवासी अरनो तहसील पतरान जिला पटियाला, जगदीप सिंह (20) निवासी हैदर नगर जिला मलेरकोटला, हरमनप्रीत सिंह (19) निवासी नारीके जिला मलेरकोटला, करणदीप सिंह (20) निवासी बिड अहमदाबाद नियर आईटीआई जिला मलेरकोटला और हरमन सिंह (21) निवासी बिड अहमदाबाद नियर आईटीआई जिला मलेरकोटला के रूप में हुई है।

एसपी विनोद कुमार ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी सफलता है। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार सतर्कता के साथ काम कर रही है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि इस नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!