हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंडी जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। औट थाना पुलिस ने थलौट क्षेत्र में नाकेबंदी और गश्त के दौरान 23 वर्षीय युवक को करीब 966 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को औट थाना की टीम औट टनल के पास नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की, तो वह घबरा गया। शक के आधार पर तलाशी लेने पर उसके पास से 966 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी की पहचान विक्की उर्फ महाकाल के रूप में हुई है। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी मात्रा में चरस के साथ पकड़े जाने से हर कोई हैरान है।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और औट थाना में उसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है, ताकि रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा सके।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाया और इसे आगे किसे सप्लाई करने वाला था। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय अन्य तस्करों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!