Shimla: शिमला में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक से भिड़ी कार; चालक की मौत, तीन लोग घायल

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग उपमंडल में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां नेशनल हाईवे-5 पर कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार चालक की मौत हो गई जबकि वाहन में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा मतियाना पुलिस चौकी के अंतर्गत नन्नी गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान ध्यान चंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। उस समय कार में कुल चार लोग सवार थे। टक्कर के बाद कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने कार चालक ध्यान चंद को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार अन्य तीन यात्रियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ट्रक और कार दोनों को कब्जे में ले लिया है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे का कारण कार चालक की तेज और अनियंत्रित ड्राइविंग हो सकता है।

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!