हिमाचल प्रदेश में रसोई गैस की किल्लत की खबरों के बीच तीसरे दिन शनिवार को बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रदेश में पहुंची है। कुल 105 गाड़ियां 11 जिलों के लिए 35,910 गैस सिलेंडर लेकर पहुंचीं। इनमें इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों की गाड़ियां शामिल हैं। जानकारी के अनुसार इंडियन ऑयल के सिलेंडरों की 79 गाड़ियां, एचपीसीएल की 15 गाड़ियां और बीपीसीएल की 11 गाड़ियां गैस सिलेंडर की सप्लाई लेकर हिमाचल भेजी गई हैं। इस पूरी प्रक्रिया पर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।
खाद्य आपूर्ति विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने बताया कि शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक प्रदेश के 11 जिलों के लिए कुल 35,910 गैस सिलेंडरों की सप्लाई भेजी गई। इनमें बिलासपुर जिले के लिए छह गाड़ियों में 2052 सिलेंडर, चंबा के लिए तीन गाड़ियों में 1026 सिलेंडर, हमीरपुर के लिए आठ गाड़ियों में 2736 सिलेंडर और कांगड़ा के लिए 20 गाड़ियों में 6840 सिलेंडर भेजे गए। इसके अलावा किन्नौर जिले के लिए एक गाड़ी में 342 सिलेंडर, कुल्लू जिले के लिए छह गाड़ियों में 2052 सिलेंडर, मंडी जिले के लिए 17 गाड़ियों में 5814 सिलेंडर और शिमला जिले के लिए 13 गाड़ियों में 4446 सिलेंडर की सप्लाई पहुंचाई गई।
इसी तरह सिरमौर जिले के लिए नौ गाड़ियों में 3078 सिलेंडर, सोलन जिले के लिए 12 गाड़ियों में 4104 सिलेंडर और ऊना जिले के लिए दस गाड़ियों में 3420 गैस सिलेंडर भेजे गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में गैस की सप्लाई लगातार जारी है और जरूरत के अनुसार और भी सिलेंडर मंगवाए जा रहे हैं।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में गैस बुकिंग न करें। विभाग के अनुसार प्रदेश में घरेलू रसोई गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति भी नियमित रूप से की जा रही है। राम कुमार गौतम ने बताया कि ऊना के पेखूबेला, मैहतपुर, सोलन, बद्दी और पंजाब के जालंधर व नाभा से गैस सिलेंडरों की सप्लाई लेकर गाड़ियां लगातार हिमाचल के अलग-अलग जिलों में भेजी जा रही हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी या डंपिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!