सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअम्ब में एक तेज रफ्तार ट्राले के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। ओवरटेक करने की कोशिश में ट्राले ने सामने चल रहे ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसा। इस हादसे में बस समेत कुल पांच वाहनों को नुकसान पहुंचा है, जबकि एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार नाहन की ओर से आ रहा एक ट्राला जब एक अन्य वाहन को ओवरटेक कर रहा था, तभी वह अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। इस दौरान ट्रक की चपेट में एक बाइक और सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी भी आ गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक टांग फ्रैक्चर हो गई। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के दौरान ट्राले ने एक अन्य ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया।

पुलिस को दी शिकायत में कोटी धीमान, संगड़ाह निवासी कपिल ने बताया कि वह अपने ट्रक में चंडीगढ़ से टाइल लोड कर हरिपुरधार की ओर जा रहा था। इसी दौरान नाहन की तरफ से तेज गति से आ रहे ट्राले ने पीछे से ओवरटेक करते हुए उसके ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर घूम गया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। इसी बीच पीछे से आ रही एचआरटीसी बस भी ट्रक से टकरा गई, जिससे बस का अगला शीशा टूट गया। हादसे के बाद ट्राला चालक कुछ दूरी पर जाकर वाहन रोककर खड़ा हो गया।

मामले को लेकर एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने ट्राला चालक लुकमान पुत्र अकबर निवासी ततापुर खर्द, उत्तर प्रदेश के खिलाफ तेज रफ्तारी, लापरवाही और जल्दबाजी में ओवरटेक करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस इस हादसे की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!