हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत भरनाल के गांव नाला रा गैहरा में वीरवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने कुछ ही देर में दोमंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर के अंदर रखा सामान तथा मकान की छत जलकर राख हो गई। राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस वक्त घर के अंदर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह दोमंजिला मकान गांव नाला रा गैहरा निवासी सुभाष पुत्र कर्म सिंह का है। घटना के समय घर पर ताला लगा हुआ था। मकान मालिक सुभाष अपने रोजमर्रा के कामकाज के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी गऊशाला में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक घर से धुआं उठने लगा। आसपास के लोगों ने जब घर से आग की लपटें और धुआं उठता देखा तो तुरंत शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को भी मौके पर बुलाया।
ग्रामीणों ने तुरंत पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया, लेकिन मकान में अधिकतर लकड़ी का काम होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस बीच गांव के लोगों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक बड़ा खतरा टाल दिया। उन्हें पता था कि घर के अंदर गैस सिलेंडर रखा हुआ है। अपनी जान की परवाह किए बिना कुछ ग्रामीण घर के अंदर गए और गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। अगर सिलेंडर तक आग पहुंच जाती और विस्फोट हो जाता तो आसपास के कई मकान भी चपेट में आ सकते थे।
मकान मालिक सुभाष ने बताया कि इस अग्निकांड में उनका लगभग दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। हलका पटवारी भरनाल निशांत भाटिया मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। साथ ही पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया गया है कि सरकार के नियमों के अनुसार उन्हें जल्द फौरी राहत और मुआवजा प्रदान किया जाएगा। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!