Sirmaur: सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक ही दिन में चिट्टा और नशीली दवाओं की खेप पकड़ी, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिरमौर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब क्षेत्र में एक ही दिन में दो अहम सफलताएं हासिल की हैं। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में भारी मात्रा में नशीली दवाइयां और चिट्टा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहले मामले में उपमंडल की स्पेशल डिटेक्शन टीम को बहराल क्षेत्र में गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहट से दो युवक हरियाणा नंबर की स्विफ्ट कार में नशीले पदार्थों की खेप लेकर पांवटा साहिब की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 11040 नशीले कैप्सूल और 4200 गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से आमिर और मोहम्मद नवाज, दोनों निवासी मोहल्ला कस्साबन और लोहारान, बेहट जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे मामले में एसआईयू नाहन की टीम ने पांवटा साहिब क्षेत्र में एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बडवास (जिला सिरमौर) निवासी मनोज कुमार काफी समय से चिट्टा बेचने के अवैध धंधे में शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मनोज कुमार की तलाशी ली, जिसके कब्जे से 8.75 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

इन दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामले दर्ज कर लिए गए हैं। नशीली दवाओं के मामले में दो आरोपियों और चिट्टा मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!