धर्मशाला, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धर्मशाला में बालिकाओं और महिलाओं के लिए ‘अस्मिता एथलेटिक्स लीग’ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग की प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना और उनकी शारीरिक फिटनेस, खेल भावना तथा आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कांगड़ा शिल्पी बेक्टा और सेवानिवृत्त डीडीजी स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ललिता शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि खेल न केवल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और आत्मविश्वास को भी मजबूत करते हैं।

मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि ‘अस्मिता एथलेटिक्स लीग’ जैसी पहलें महिलाओं और बालिकाओं को नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और खेल भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में शामिल होने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में अंडर-13, 13 से 18 वर्ष तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की प्रतिभागियों के लिए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ आयोजित की गई। इसके अलावा रस्साकशी, तीन-पैर दौड़ और नींबू दौड़ जैसी मनोरंजक गतिविधियां भी कराई गईं। यह लीग भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय द्वारा देशभर के लगभग 250 स्थानों पर एक साथ आयोजित की जा रही है।

धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 500 बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को माॅय भारत, स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया और खेलो इंडिया सेंटर के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर माय युवा भारत के उप निदेशक ध्रुव डोगरा, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, खिलाड़ी और स्वयंसेवक भी उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!