राजधानी शिमला के ईदगाह क्षेत्र में अचानक लगी आग ने बड़ा नुकसान कर दिया। आग की इस घटना में एक साथ सटे हुए चार मकान जलकर राख हो गए। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आसपास की लगभग 80 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार आग की चपेट में हफीज, शाजमल, रसीदा देवी और नवाजो के मकान आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि इन घरों में रखा घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और नकदी तक जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल केंद्र माल रोड, प्रगतिनगर और छोटा शिमला से तीन फायर टेंडर मौके पर भेजे गए।
दमकल कर्मियों ने मुख्य सड़क पर अपने वाहन खड़े कर वहां से पाइप लाइन बिछाई और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के कई अन्य मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह क्षेत्र शहर के कोल्ड जोन में आता है। यहां ठंड अधिक रहने के कारण लोग दोपहर के बाद भी आग जलाकर सेंकते हैं। आशंका जताई जा रही है कि लोग आग सेंकने के बाद उसे पूरी तरह बुझाए बिना चले गए होंगे, जिससे आग धीरे-धीरे घरों तक फैल गई। हालांकि कुछ लोग शॉर्ट सर्किट की संभावना भी जता रहे हैं। फिलहाल दमकल विभाग आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहा है।
पीड़ित परिवार के सदस्य हफीज ने बताया कि वह पेशे से पेंटर हैं और उनके घर में आग लगने से बिस्तर, फर्नीचर और घर में रखे हजारों रुपये जलकर राख हो गए। इसके साथ ही आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज भी इस आग में नष्ट हो गए।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!