Kullu: कुल्लू-मनाली में नशे पर बड़ी कार्रवाई: होटल में छापा, राजस्थान के 2 युवक और हमीरपुर का युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल कुल्लू और मनाली में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने राजस्थान के दो युवकों और हमीरपुर जिले के एक युवक को चिट्टा और गांजे के साथ दबोचा है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस मामले में आगे की जांच जारी है।

पहला मामला मनाली का है। पुलिस थाना मनाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमसा स्थित एक होटल में नशे का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और कमरा नंबर 103 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद राजस्थान के दो युवकों के कब्जे से 15.140 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

वहीं दूसरे मामले में कुल्लू पुलिस ने एक युवक को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अक्षय निवासी जीण, नादौन, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से 0.43 ग्राम चिट्टा और 1.55 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

कुल्लू के एसपी मदन लाल ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि नशे के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!