हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। धार्मिक स्थलों के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे श्रद्धालुओं से भरा एक कैंटर पीरनिगाह के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे के समय वाहन में करीब 10 से 15 श्रद्धालु सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा स्थित गांधी नगर के श्रद्धालु कैंटर नंबर HR45B-1564 में सवार होकर हिमाचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी और पीरनिगाह में माथा टेकने आए थे। बुधवार रात करीब 11 बजे जब सभी श्रद्धालु दर्शन करने के बाद वापस हरियाणा लौट रहे थे, तभी पीरनिगाह के पास अचानक चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कैंटर सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे वाहन में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज ऊना अस्पताल में ही चल रहा है।
इस मामले में कुरुक्षेत्र निवासी संजय की शिकायत पर ऊना सदर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कैंटर चालक साहिब सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!