सराज कॉलेज लंबाथाच में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे परिसर में लगे सूचना बोर्ड छलनी हो गए हैं। घटना में तीन बोर्डों पर कई गोलियां दागी गईं, जिनसे बोर्ड के आर-पार छेद हो गए। सुबह जब कॉलेज स्टाफ परिसर में पहुंचा तो प्रवेश द्वार पर लगे सूचना बोर्डों पर गोलियों के साफ निशान देखकर हैरान रह गया। आशंका जताई जा रही है कि यह वारदात करीब 10 दिन पहले अंजाम दी गई होगी।
घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रशासन ने जंजैहली पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्राचार्य जया ठाकुर ने बताया कि स्टाफ ने जब बोर्डों की हालत देखी तो सभी चौंक गए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शरारत नहीं बल्कि एक गंभीर कृत्य है। प्रशासन ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने इसे एयरगन से की गई फायरिंग बताया है, लेकिन इस निष्कर्ष पर स्थानीय निवासियों और कॉलेज स्टाफ ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्या हथियार की पहचान के लिए कोई वैज्ञानिक जांच या फोरेंसिक रिपोर्ट ली गई है, या फिर बिना ठोस साक्ष्य के ही मामला हल्का मान लिया गया।
नाम उजागर न करने की शर्त पर एक बंदूकधारी व्यक्ति ने दावा किया कि यदि एयरगन का इस्तेमाल हुआ होता तो छर्रे बोर्ड में गहराई तक नहीं धंसते। एयरगन की मारक क्षमता इतनी नहीं होती कि वह लकड़ी या लोहे की चादर को इस तरह आर-पार कर दे। यहां बने निशान काफी गहरे हैं, जो किसी अधिक घातक हथियार के इस्तेमाल की ओर इशारा करते हैं। इसको लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बहस छिड़ गई है।
फिलहाल जब तक बोर्डों पर लगे छर्रों की वैज्ञानिक जांच नहीं होती या आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले नहीं जाते, तब तक यह साफ नहीं हो पाएगा कि कॉलेज परिसर में किस हथियार से फायरिंग हुई। डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!