कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित कंडी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां तेज रफ्तार से गलत दिशा में आ रही एक कार ने स्कूटी सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 58 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
मृतका की पहचान दुर्गेश देवी (58), निवासी दाड़नू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दुर्गेश देवी अपने बेटे के साथ स्कूटी पर सवार होकर धर्मशाला की ओर जा रही थीं। जैसे ही वे कंडी के पास पहुंचे, सामने से रॉन्ग साइड पर आ रही हरियाणा नंबर की कार ने उनकी स्कूटी को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्गेश देवी स्कूटी से दूर जा गिरीं। हादसे के समय कार में दो युवक और दो युवतियां सवार थीं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और मां-बेटे को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दुर्गेश देवी को मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि चालक नशे की हालत में तो नहीं था।
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। लोगों का कहना है कि कंडी मार्ग पर बाहरी राज्यों के वाहन चालक अक्सर तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड लिमिट की सख्त निगरानी और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
धर्मशाला में हाल के दिनों में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस ने भी सख्त चेतावनी जारी की है। विभाग ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और तेज रफ्तार व रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसी खतरनाक हरकतों से बचने की अपील की है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!