पर्यटन नगरी मनाली में सैलानियों की भीड़ और बर्फीली वादियों का आनंद लेने वालों के बीच कुछ पर्यटक नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हाल ही में सामने आया, जब पंजाब से आए एक थार चालक को पुलिस ने सड़क पर टशन दिखाने की कीमत चुकानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर छाने और सड़कों पर दिखावे के लिए थार के मालिक ने अपनी गाड़ी की पिछली नंबर प्लेट से रजिस्ट्रेशन नंबर हटा कर बड़े अक्षरों में ‘GHUMAAN’ लिखवा दिया था। जैसे ही यह गाड़ी मनाली की सड़कों पर दिखाई दी, गश्त कर रही पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होने के कारण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालक का 3,500 रुपये का चालान काटा।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नंबर प्लेट पर रजिस्ट्रेशन नंबर के अलावा किसी भी तरह की छेड़छाड़ या कुछ भी लिखना दंडनीय अपराध है। उन्होंने सभी पर्यटकों को चेतावनी दी कि नियमों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मनाली पुलिस प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे देवभूमि की शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही, रील बनाने या दिखावे के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। पुलिस ने यह भी कहा कि सीसीटीवी और गश्त के माध्यम से ऐसे बिगड़ैल चालकों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!