Himachal: युवा कांग्रेस के तीन कार्यकर्ताओं को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ विरोध प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने शिमला से हिरासत में लिया

दिल्ली पुलिस की एक टीम गुरूवार सुबह शिमला से तीन युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर राष्ट्रीय राजधानी लौट आई। यह तीनों कार्यकर्ता—सौरभ, सिद्धार्थ और अरबाज—पिछले सप्ताह ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए थे। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें आगे की कार्रवाई और पुलिस हिरासत के लिए दिल्ली की स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

गौरतलब है कि भारत मंडपम में हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में 20 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद दिल्ली पुलिस ने शिमला के रोहरू इलाके के एक होटल से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान दिल्ली और हिमाचल प्रदेश पुलिस के बीच टकराव भी देखने को मिला। हिमाचल पुलिस ने प्रक्रियागत खामियों का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस कर्मियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया। दिल्ली पुलिस का दावा था कि उन्होंने वैध ट्रांजिट हिरासत प्राप्त की थी। इस गतिरोध के कारण शोगी सीमा और कानलोग सहित कई जगहों पर दिल्ली पुलिस के वाहन रोके गए और कुछ समय के लिए कब्जे में लिए गए, जिससे शिमला के आसपास यातायात प्रभावित हुआ।

मामले का समाधान गुरूवार तड़के तब हुआ जब दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान एकत्र किए गए डिजिटल साक्ष्यों की सूची साझा की। ट्रांजिट रिमांड लागू होने के बाद दिल्ली पुलिस ने अपनी यात्रा फिर से शुरू की और बृहस्पतिवार सुबह राजधानी पहुंच गई। अब तक इस विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!