Bilaspur: पत्नी की बेरहमी से हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, पति ने रॉड से किया हमला, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार

बिलासपुर नगर के साथ लगती ओयल पंचायत के दनोह गांव में प्रवासी महिला की हत्या के मामले में पुलिस जांच के दौरान लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि मृतका के पति गोबिंद राम ने अपनी पत्नी पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या की थी। इस वारदात के दौरान मृतका के दोनों देवरों ने उसके हाथ, पैर और टांगों को पकड़कर उसे जकड़ रखा था, ताकि वह खुद को बचा न सके। इतना ही नहीं, किसी तक उसकी आवाज न पहुंचे, इसके लिए उसका मुंह भी बंद कर दिया गया था।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया है, जबकि मुख्य आरोपी और मृतका का पति गोबिंद राम अभी भी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी गोबिंद राम को अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। 1 फरवरी को भी इसी विवाद के चलते दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर महिला की हत्या कर दी।

वारदात को छिपाने के लिए आरोपियों ने महिला के शव को घर के पास बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और उसके ढक्कन को सीमेंट से पूरी तरह सील कर दिया, ताकि किसी को शव के बारे में पता न चल सके। इसके बाद तीनों आरोपी बिलासपुर छोड़कर अपने मूल राज्य झारखंड फरार हो गए।

पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गोबिंद राम ने एक नहीं बल्कि तीन शादियां की थीं। उसने एक पत्नी को छोड़ दिया था, जबकि दूसरी पत्नी की भी हत्या कर चुका था। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और फरार मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!