जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के तहत आने वाली ग्राम पंचायत हाबन के मडेची गांव में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति की सिंचाई टैंक में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुनील कुमार, पुत्र प्रेम सिंह, के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुबह जब गांव के ही हरीश कुमार अपने खेतों की ओर गए, तो उन्होंने सिंचाई के लिए बनाए गए टैंक में एक शव को तैरता हुआ देखा। यह दृश्य देखकर उन्होंने तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि व्यक्ति की मौत सिंचाई टैंक में गिरने के कारण हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!