हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में एक विवाहित युवती के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। ऊना के एक युवक पर आरोप है कि उसने निजी लाइब्रेरी के बाहर जेबीटी प्रशिक्षण ले रही महिला का हाथ पकड़कर उसे डराया-धमकाया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि यदि युवती ने उससे बात नहीं की तो वह उसकी हत्या कर देगा और खुद भी आत्महत्या कर लेगा।
जानकारी के अनुसार चंबा की रहने वाली 26 वर्षीय महिला वर्तमान में डाइट (DIET) धर्मशाला में जेबीटी का प्रशिक्षण ले रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि वह चरान खड्ड स्थित एक निजी लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रही थी। जब वह पढ़ाई के बाद भोजन के लिए बाहर निकली, तो आरोपी नितेश वर्मा वहां पहले से मौजूद था। आरोप है कि युवक ने उसका रास्ता रोका, हाथ पकड़ लिया और सरेआम उसे जान से मारने तथा खुद को खत्म करने की धमकी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2025 में उसकी पहचान नितेश वर्मा, निवासी हरोली, जिला ऊना से हुई थी। उस समय आरोपी वेटरिनरी फार्मेसी का कोर्स कर रहा था। शुरू में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन समय के साथ युवक के व्यवहार में बदलाव आने लगा। बढ़ती परेशानी से तंग आकर महिला ने उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने उसे धमकाया।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा बीर बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी नितेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!