हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल डलहौजी से एक दुखद खबर सामने आई है। पंजाब से घूमने आए एक पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस थाना डलहौजी ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बलविंदर सिंह पुत्र बलवीर सिंह, निवासी गांव छलेरी कलां, डाकघर पोला, जिला फतेहगढ़, पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बलविंदर सिंह बुधवार को पंजाब से डलहौजी घूमने आए थे। वीरवार को अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल डलहौजी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन तबीयत में कोई खास सुधार नहीं हुआ। स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के लिए रेफर कर दिया।
हालांकि, चंबा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई और उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। शुक्रवार को इस घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई। मामले की पुष्टि एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!