जिला कांगड़ा के डमटाल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना डमटाल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल उर्फ मिंटू (24 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 7, वीपीओ डमटाल के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने स्टोर में नशीला पदार्थ छिपाकर रखा हुआ है। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर रेड की और तलाशी के दौरान आरोपी के स्टोर से 35.73 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR नंबर 33/26 दिनांक 09 फरवरी 2026 को पुलिस थाना डमटाल में ND&PS अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
जिला पुलिस नूरपुर ने आम जनता से अपील की है कि नशा तस्करी के खिलाफ इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें और यदि कहीं भी नशे से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के खतरे से बचाया जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!