Himachal: 53 साल बाद अपने गुरु से मिले अनुपम खेर, ‘बेटा’ कहकर बुलाते ही छलक पड़े जज़्बात

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने 53 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद अपने संगीत गुरु प्रोफेसर सोम दत्त बट्टू से मुलाकात कर एक भावुक पल साझा किया है। इस खास मुलाकात की जानकारी अनुपम खेर ने सोशल नेटवर्किंग साइट्स के जरिए दी, जहां उन्होंने अपने गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता खुलकर जाहिर की।

अनुपम खेर ने बताया कि वर्ष 1972-73 में प्रो. सोम दत्त बट्टू शिमला स्थित राजकीय महाविद्यालय में उनके संगीत शिक्षक थे। उस समय गुरुजी कॉलेज के नाटकों के लिए संगीत भी रचा करते थे। अभिनेता ने याद किया कि कैसे उन दिनों की सीख ने उनके जीवन और करियर पर गहरा असर डाला।

इन दिनों अनुपम खेर गुरुग्राम में अपनी आने वाली फिल्म ‘खोसला का घोसला-2’ की शूटिंग कर रहे हैं। इसी दौरान उनकी यह खास मुलाकात संभव हो पाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि इतने वर्षों बाद गुरु का आशीर्वाद पाकर उन्हें अपार खुशी मिली है। अनुपम खेर ने भावुक होकर बताया कि गुरुजी आज भी उन्हें ‘बेटा’ कहकर बुलाते हैं, जबकि इस उम्र में यह संबोधन उन्हें केवल उनकी मां ही करती हैं।

अनुपम खेर ने यह भी बताया कि भारत सरकार ने वर्ष 2024 में प्रो. सोम दत्त बट्टू को उनके योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजा था। अभिनेता ने कहा कि पहले के दौर में शिक्षक केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहते थे, बल्कि जीवन के महत्वपूर्ण मूल्य और संस्कार भी सिखाते थे। उन्होंने अपने गुरु के प्रेम, ज्ञान और मार्गदर्शन को अपने जीवन की मजबूत नींव बताया।

गौरतलब है कि अनुपम खेर का शिमला से गहरा नाता रहा है। उनका पूरा परिवार लंबे समय तक शिमला में रहा और उनका बचपन भी वहीं बीता। आज भी शिमला में उनके कई पुराने मित्र हैं, जिनसे वह लगातार संपर्क में रहते हैं। अनुपम खेर अक्सर सोशल मीडिया के माध्यम से शिमला से जुड़ी यादें, किस्से और वहां के लोगों को याद करते हुए भावनात्मक पोस्ट साझा करते रहते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!