Chamba: बिना नंबर प्लेट दौड़ रही बाइकों पर चम्बा पुलिस का शिकंजा, 10 वाहन जब्त

शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चम्बा ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को एक विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे 10 दोपहिया वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया। यह अभियान शहर के विभिन्न व्यस्त इलाकों में चलाया गया, जिससे नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई वाहन चालकों को चेतावनी देकर छोड़ा और स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगवाई गई, तो आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर खतरा होते हैं। ऐसे वाहनों की पहचान मुश्किल होने के कारण इनके जरिए आपराधिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। वहीं, किसी सड़क हादसे की स्थिति में इन वाहनों का पता लगाना भी पुलिस के लिए चुनौती बन जाता है।

विशेष अभियान के दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और कई चालान काटे गए। इस बीच स्थानीय नागरिकों हितेश, कर्ण, रविंद्र, बबलू और जितेंद्र ने शहर में बढ़ते शोर प्रदूषण पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि तेज आवाज वाले प्रैशर हॉर्न से आम लोग परेशान हैं। खासकर युवा बाइक सवार कंपनी फिटेड हॉर्न हटाकर प्रैशर हॉर्न लगवाते हैं, जिससे सड़क पर अव्यवस्था और शोर बढ़ रहा है। लोगों ने पुलिस से इस दिशा में भी सख्ती बरतने की मांग की है।

मामले पर एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि बिना नंबर प्लेट के वाहन मोटर व्हीकल एक्ट का सीधा उल्लंघन हैं और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे वाहन अक्सर आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होते हैं, इसलिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। एसपी ने शहरवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और चम्बा को सुरक्षित व अनुशासित शहर बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ वाहन जब्ती की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!