Una: घनी धुंध ने रोकी रफ्तार: ऊना में ट्रेनें घंटों लेट, ठंड में यात्री हुए बेहाल

जिला ऊना में लगातार पड़ रही घनी धुंध का असर अब रेल सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। ऊना से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें देरी से पहुंचीं, जिससे यात्रियों को कड़ाके की ठंड में रेलवे स्टेशनों पर घंटों इंतजार करना पड़ा। बुधवार को धुंध के कारण हिमाचल एक्सप्रेस ऊना रेलवे स्टेशन पर करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। सामान्य दिनों में यह ट्रेन सुबह 6:40 बजे ऊना पहुंचती है, लेकिन आज यह 8:35 बजे स्टेशन पर आई।

इसी तरह वंदे भारत एक्सप्रेस भी एक घंटे की देरी से ऊना पहुंची। यह ट्रेन आमतौर पर 10:35 बजे स्टेशन पर आती है, लेकिन आज 11:35 बजे पहुंची। वहीं साबरमती एक्सप्रेस भी 51 मिनट की देरी से ऊना पहुंची। यह ट्रेन सामान्य रूप से 11:08 बजे ऊना आती है, जबकि आज इसका आगमन 11:59 बजे हुआ। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि हरिद्वार से अंब अंदौरा जाने वाली ट्रेन आज नंगल तक ही पहुंच सकी और आगे नहीं बढ़ पाई। इसके अलावा हरिद्वार के लिए रवाना होने वाली दूसरी ट्रेन अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से ही चलाई गई।

पिछले कुछ दिनों से ऊना जिले में घनी धुंध और कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर रखा है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं। कई इलाकों में दोपहर 12 बजे तक धुंध की मोटी परत छाई रही, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। दिनभर ठंडी हवाएं चलती रहीं और लोग सर्दी से बचाव करते दिखे।

मौसम विभाग के सहायक अधिकारी विनोद शर्मा के अनुसार बुधवार को ऊना का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि आज जिले में दृश्यता 92 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!