Kangra: धौलाधार की गोद में फिर गूंजेगा क्रिकेट, धर्मशाला में भारत-दक्षिण अफ्रीका का रोमांचक टी-20 मुकाबला

धौलाधार पर्वत श्रृंखला की खूबसूरत वादियों में स्थित और विश्व के सबसे सुंदर क्रिकेट स्टेडियमों में गिने जाने वाले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में रविवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 मुकाबला खेला जाएगा। पांच मैचों की इस टी-20 सीरीज की शुरुआत भारत ने दमदार अंदाज में की है। मंगलवार को खेले गए पहले मुकाबले में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 101 रन से शिकस्त देकर सीरीज में शानदार बढ़त बना ली है।

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम से दक्षिण अफ्रीका की टीम का पुराना नाता रहा है। इससे पहले 2 अक्तूबर 2015 को यहां भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एक टी-20 मैच खेला गया था, जिसमें मेहमान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 7 विकेट से हराया था। वहीं 15 सितंबर 2019 को प्रस्तावित भारत-दक्षिण अफ्रीका टी-20 मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। इसी तरह 12 मार्च 2020 को यहां खेला जाने वाला दोनों टीमों के बीच वनडे मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया था।

अब एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका की टीम धर्मशाला स्टेडियम में भारत के खिलाफ उतरने जा रही है। यह चौथा मौका होगा जब प्रोटियाज टीम इस ऐतिहासिक मैदान पर भारतीय टीम को चुनौती देगी। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और एक बार फिर धौलाधार की ठंडी हवा के बीच रोमांचक क्रिकेट की उम्मीद की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!