शिमला, 12 नवम्बर: एशियन मास्टर्स गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए हिमाचल प्रदेश के एथलीट बलबीर सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन पदक अपने नाम किए हैं। उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में रजत पदक, 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक, और 1500 मीटर में शानदार प्रदर्शन किया।
5000 मीटर दौड़ में बलबीर सिंह ने 18 मिनट 57 सेकंड, जबकि 10,000 मीटर दौड़ में 38 मिनट 24 सेकंड का समय लिया। 1500 मीटर दौड़ उन्होंने 5 मिनट 1 सेकंड में पूरी की। इस उम्दा प्रदर्शन के दम पर उन्होंने 2026 में दक्षिण कोरिया में होने वाली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
एशियन मास्टर्स गेम्स 5 से 9 नवम्बर तक चेन्नई में आयोजित हुए, जिसमें 30 से अधिक एशियाई देशों के एथलीट्स ने भाग लिया। इस प्रतिस्पर्धा में बलबीर सिंह ने असाधारण सहनशक्ति, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन किया।
बलबीर सिंह की यह सफलता उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन की निरंतरता है। उन्होंने फरवरी माह में आयोजित ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स मीट में 1500 मीटर में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद बेंगलुरु में आयोजित मास्टर्स एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया प्रतियोगिता में 5000 मीटर में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर में रजत पदक हासिल किया। वहीं धर्मशाला में आयोजित नेशनल मास्टर्स गेम्स ऑफ इंडिया में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 किलोमीटर और 5000 मीटर में स्वर्ण पदक तथा 1500 मीटर में कांस्य पदक जीते।
कोच के रूप में प्रेरणा का स्रोत
बलबीर सिंह वर्तमान में युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश में एथलेटिक्स कोच के रूप में कार्यरत हैं। वे 20 से अधिक नवोदित खिलाड़ियाें को प्रशिक्षण दे रहे हैं। बलबीर न केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करते हैं बल्कि स्वयं उनके साथ अभ्यास भी करते हैं।
वे अपने अनुशासन और समर्पण से विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं। बलबीर सिंह युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं और खिलाड़ियाें के लिए एक मिसाल है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!