भारतीय जीवन बीमा निगम ने 24 घंटे में 5.88 लाख पॉलिसी जारी कर बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने 20 जनवरी 2025 को एक अनूठा कीर्तिमान स्थापित करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। कंपनी ने मात्र 24 घंटे के भीतर 5,88,107 जीवन बीमा पॉलिसियां जारी कर यह अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की। इस उपलब्धि के पीछे देशभर के 4,52,839 LIC एजेंट्स की अथक मेहनत और समर्पण था, जिन्होंने ‘मैड मिलियन डे’ अभियान को सफल बनाया। यह अभियान LIC के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ सिद्धार्थ मोहंती की पहल था, जिन्होंने सभी एजेंट्स से कम से कम एक पॉलिसी पूरी करने का आग्रह किया था। इस सामूहिक प्रयास ने न केवल LIC की बाजार स्थिति को मजबूत किया, बल्कि जीवन बीमा के प्रति लोगों की जागरूकता और विश्वास को भी बढ़ावा दिया। LIC ने इस सफलता को एजेंट्स की कड़ी मेहनत, कार्यकुशलता और पेशेवर नैतिकता का परिणाम बताया। कंपनी ने कहा कि यह उपलब्धि रणनीति, टीमवर्क और नेतृत्व के बेहतर मेल का प्रमाण है। यह घटना भारतीय बीमा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है, जिसने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को भी मजबूत किया। इस ऐतिहासिक सफलता पर CEO सिद्धार्थ मोहंती ने सभी ग्राहकों, एजेंट्स और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता ने इस सपने को साकार किया।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!