6 दिन बाद जांस्कर घाटी का मनाली से संपर्क बहाल हो गया है। वीरवार को शिंकुला दर्रे में बर्फ के फाहों के बीच वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। सुबह मौसम साफ था, जिससे दर्रा पार करना संभव हुआ, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट बदली और वहां बर्फबारी शुरू हो गई। इसके बावजूद, बर्फ के फाहों के बीच वाहन जांस्कर से मनाली पहुंचे।
लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लेह पुलिस के साथ मिलकर शिंकुला दर्रे को आर-पार करने का समय निर्धारित किया है। अब सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक दर्रा पार करने की अनुमति है। हालांकि वीरवार को शिंकुला दर्रे में दो स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे वाहनों को दारचा पहुंचने में देरी हुई। जांस्कर से सुबह रवाना हुए वाहन दोपहर करीब साढ़े 3 बजे दारचा चैक पोस्ट पहुंचे।
गौरतलब है कि 17 अप्रैल को भारी हिमपात के कारण शिंकुला दर्रा बंद हो गया था। जिस्पा चौकी प्रभारी मेघ सिंह ने बताया कि फिलहाल दर्रा एकतरफा वाहनों के लिए बहाल किया गया है। वीरवार दोपहर बाद फिर से दर्रे में हिमपात शुरू हो गया। लगभग डेढ़ दर्जन वाहन जांस्कर से मनाली की ओर आए। उन्होंने यह भी बताया कि अगर मौसम साफ रहा तो शुक्रवार को वाहन मनाली से जांस्कर भेजे जाएंगे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!