Kangra: शाहपुर के 39 मील में हालात बदतर! अधूरी सर्विस लेन बनी नाला, लोगों का चलना भी हुआ मुश्किल

शाहपुर। पठानकोट–मंडी निर्माणाधीन फोरलेन परियोजना के तहत शाहपुर के 39 मील क्षेत्र में बनाई जा रही सर्विस लेन का निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है। लगातार हो रही बारिश के कारण अधूरी सर्विस लेन अब नाले में तब्दील हो गई है, जिससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस लेन पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पूरा पानी सड़क पर ही जमा होकर बह रहा है। इसके चलते सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और छोटे वाहनों के फिसलने का खतरा भी बढ़ गया है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।

Advertisement

लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य कई महीनों से बंद होने के बावजूद संबंधित एजेंसी की ओर से इसे दोबारा शुरू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है तथा रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

Advertisement

क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि 39 मील की सर्विस लेन का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। साथ ही जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को बरसात के दौरान हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!