Una Drug Bust: 1 किलो से ज्यादा चिट्टा बरामद, STF ने 3 युवकों को दबोचा

ऊना जिले में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एसटीएफ नारकोटिक्स कांगड़ा की टीम ने शनिवार देर शाम संतोषगढ़-नंगड़ा सड़क पर तीन युवकों को भारी मात्रा में चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1 किलो 5 ग्राम चिट्टा बरामद किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह (28) पुत्र संतोख सिंह निवासी अप्पर देहलां, गुरमुख सिंह (40) पुत्र नारायण दास निवासी बरनोह और राहुल शर्मा (33) पुत्र सुभाष चंद शर्मा निवासी रायपुर सहोड़ा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेनू कुमारी के नेतृत्व में एसटीएफ की एंटी चिट्टा टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर संतोषगढ़-नंगड़ा सड़क पर नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान टाहलीवाल की ओर से आ रही एक कार (एचपी 20जे-6570) को शक के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में सवार युवकों के पास से 15 पैकेट चिट्टा बरामद हुआ, जिनका कुल वजन 1 किलो 5 ग्राम निकला।

पुलिस टीम ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!