सोलन: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस सोलन को एक और बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस की एसआईयू (SIU) टीम ने कुमारहट्टी में नाकाबंदी के दौरान एक आल्टो कार से 8.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संदिग्ध आल्टो कार की तलाशी ली गई, जिसमें से 8.32 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और बरामदगी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आरोपियों के तार किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं तथा चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

जिला पुलिस सोलन ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


