हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में वन विभाग ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफिया पर सख्त प्रहार किया है। कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर वन मंडल नाहन के अंतर्गत आने वाली दो रेंजों की टीमों ने संयुक्त रूप से यह छापेमारी की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय के सख्त निर्देशों पर नाहन और कोलर रेंज की टीमें मंगलवार-बुधवार की रात करीब 1 बजे से ही अभियान में जुट गई थीं। सुबह 7 बजे तक चले इस ऑपरेशन के दौरान वन विभाग की टीमों ने कटासन, दोसड़का, सैनवाला और कालाअंब क्षेत्रों में एक साथ नाकेबंदी की।
यह कार्रवाई इतनी अचानक और गोपनीय थी कि अवैध खनन सामग्री ले जा रहे वाहन चालकों को संभलने का मौका नहीं मिला। कार्रवाई की भनक लगते ही माफिया में अफरा-तफरी मच गई। कई टिप्पर और डंपर चालक रेत, बजरी और पत्थर से भरे वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर ही छोड़कर माल फेंककर मौके से फरार हो गए। सैनवाला, आमवाला और मोगीनंद क्षेत्रों में सड़क किनारे खनन सामग्री के ढेर मिले।

वन विभाग ने इस अभियान के दौरान करीब 100 वाहनों की जांच की, जिसमें से 8 वाहनों को अवैध खनन के मामले में जब्त किया गया, जबकि एक वाहन को मौके पर कंपाउंड किया गया। विभाग ने इस पूरी कार्रवाई की सूचना संबंधित पुलिस थानों को भी दे दी है।

वन मंडलाधिकारी नाहन अवनी भूषण राय ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि 8 से अधिक वाहन पकड़े गए हैं और जो वाहन मौके से भागने में सफल रहे हैं, उनकी भी पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!