धर्मशाला, 13 फरवरी: हिमाचल प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत सुधेड़ में 3 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कसुम्बर नाग से अन्द्राड़ गांव तक प्रस्तावित मार्ग का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर उनका समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण से अन्द्राड़ गांव सहित आसपास के 50 से 100 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों को आवागमन में आसानी होगी और आपातकालीन सेवाएं भी समय पर उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे बुनियादी ढांचे के काम ग्रामीण जीवन में बड़ा बदलाव लाते हैं और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि धर्मशाला वन मंडल में वर्ष 2026-27 के रोपण सत्र में 149 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया जाएगा। यह योजना वर्ष 2025 में शुरू की गई थी, जिसका उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी के जरिए वनों का संरक्षण और विस्तार करना है। योजना के तहत धर्मशाला वन मंडल में 10 सामुदायिक संगठनों, जिनमें महिला मंडल और युवा क्लब शामिल हैं, के साथ समझौता ज्ञापन किए गए हैं। अब तक 28 हेक्टेयर भूमि पर 22,400 पौधे लगाए जा चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार भी मिल रहा है। आगामी सत्र में 149 हेक्टेयर भूमि पर 60,000 देशी पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिससे लगभग 35,000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलने की संभावना है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पहली अप्रैल से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को पीने के पानी की 7 हजार बोतलें वितरित की जाएंगी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया।

शिलान्यास कार्यक्रम में डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा, आरओ सौरभ शर्मा, बीओ नितिन, फॉरेस्ट गार्ड अभिषेक राणा, एडवोकेट जनरल हिमाचल प्रदेश अनुपम रत्न, कुसुंबर नाग युवा कमेटी के प्रधान सुनील कुमार, उप प्रधान यशपाल शर्मा, सचिव विजय शर्मा, नायब तहसीलदार यासीन मोहम्मद सोनी, फील्ड कानूनगो मनोज कुमार, पंचायत सचिव रवि कुमार, पटवारी वीरेंद्र कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!