शाहपुर: जिला स्तरीय दशहरा उत्सव शाहपुर 2026 के तहत वॉलीबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों और टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
स्कूल वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कांगड़ा इंटरनेशनल स्कूल, शाहपुर ने विजेता बनकर 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार जीता। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदाड़ी की टीम उपविजेता रही और उसे 11,000 रुपये दिए गए।
ओपन वॉलीबॉल टूर्नामेंट में भनाला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 25,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया, जबकि धर्मशाला की टीम उपविजेता रही और उसे 15,000 रुपये मिले।
स्कूल वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरचकियां की टीम विजेता रही। टीम को 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शाहपुर की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया और उसे 11,000 रुपये दिए गए।
ओपन कबड्डी टूर्नामेंट में HIET की टीम ने खिताब अपने नाम किया और 25,000 रुपये का पुरस्कार जीता। 7 स्टार शाहपुर की टीम उपविजेता रही, जिसे 15,000 रुपये की राशि प्रदान की गई।
लड़कियों की वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोल्दा की टीम विजेता बनी। टीम को 7,000 रुपये का नकद पुरस्कार मिला, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थुले की टीम उपविजेता रही और उसे 5,100 रुपये प्रदान किए गए।
बैडमिंटन डबल्स में चंदर परमार और सनी ठाकुर विजेता रहे, जिन्हें 11,000 रुपये मिले। अभिषेक जमवाल और विशाल उपविजेता रहे, जिन्हें 5,100 रुपये दिए गए।
बैडमिंटन सिंगल्स में चंदर परमार विजेता रहे और उन्हें 5,100 रुपये मिले। विशाल उपविजेता रहे, जिन्हें 3,100 रुपये दिए गए।
प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता टीमों को शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया, एसडीएम डॉ. गणेश ठाकुर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला स्तरीय दशहरा मेला समिति के अध्यक्ष एवं आयोजक एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य उत्सव के दौरान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना रहा।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!



