शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को शाहपुर विश्राम गृह में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। इस दौरान क्षेत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में केवल सिंह पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण पर लगभग 90 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। उपमुख्य सचेतक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सड़कों का सेक्शन-वाइज डाटा तैयार किया जाए, ताकि भविष्य में योजना बनाते समय इसका बेहतर उपयोग हो सके।
उन्होंने साफ कहा कि किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश के मौसम में सड़कों को नुकसान न पहुंचे और लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कई सड़कें जो वर्षों से लंबित पड़ी थीं, उन्हें मौजूदा सरकार के कार्यकाल में पूरा किया गया है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता विकास सूद ने विभाग की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की और उपमुख्य सचेतक का आभार जताया। अधीक्षण अभियंता बी.एस. ठाकुर ने आश्वासन दिया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता लोक निर्माण मंडल शाहपुर नीरज जसवाल, धर्मशाला मंडल से चंद्रशेखर, कांगड़ा मंडल से रविभूषण, सहायक अभियंता विपुल पुंज, नितेश, बलवीत दियोलिया, अनुराग, विभिन्न सेक्शनों के कनिष्ठ अभियंता, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!