हिमाचल प्रदेश पुलिस के एंटी चिट्टा अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत एक नशा तस्कर की अवैध गतिविधियों से अर्जित 48,30,997 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह मामला जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव सिरत निवासी एक व्यक्ति से जुड़ा है। 30 जुलाई 2023 को पुलिस थाना डमटाल के तहत भद्राया में नाकाबंदी के दौरान उसके कब्जे से 10.1 ग्राम चिट्टा और 8,500 रुपये नकद बरामद किए गए थे। इस मामले में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार इससे पहले वर्ष 2022 में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए थे। इन दोनों मामलों में क्रमशः 8.35 ग्राम और 9.92 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। मादक पदार्थों की तस्करी में उसकी लगातार संलिप्तता को देखते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने उसे पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लेने की सिफारिश की थी।
इसके बाद पुलिस जिला नूरपुर ने आरोपी की चल और अचल संपत्तियों की विस्तृत वित्तीय जांच की। जांच के दौरान अवैध गतिविधियों से अर्जित 48,30,997 रुपये की संपत्ति की पहचान की गई। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ(1) के तहत 12 जून 2025 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी ने 9 जुलाई 2025 को पुष्टि प्रदान की। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद चिन्हित संपत्तियों को जब्त कर लिया गया।
जब्त संपत्तियों में जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव छन्नी में स्थित 45,90,557 रुपये मूल्य का एक आवासीय मकान शामिल है। इसके अलावा मादक पदार्थों से अर्जित कुल 2,40,440 रुपये भी जब्त किए गए हैं। इस तरह जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 48,30,997 रुपये है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के एंटी चिट्टा अभियान के प्रति हिमाचल प्रदेश पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अभियान के तहत पुलिस का फोकस केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करने और नशीले पदार्थ जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना भी इसका हिस्सा है। इसका उद्देश्य नशे के कारोबार को आर्थिक रूप से समर्थन देने वाले नेटवर्क को कमजोर करना और खत्म करना है।
प्रवक्ता ने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस जिला नूरपुर मादक पदार्थों की तस्करी और इससे अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें, ताकि युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने में मदद मिल सके।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


