Kangra: NH-503 पर दर्दनाक हादसा, बाइक की चेन में फंसा दुपट्टा और चली गई बुजुर्ग महिला की जान

राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर रक्कड़ के पास बुधवार देर सायं एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसमें बाइक की चेन में दुपट्टा फंसने से 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान रक्षा देवी (63) पत्नी रूप सिंह चौहान, निवासी गांव गुरल, तहसील देहरा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रक्षा देवी की पुत्रवधू रक्कड़ स्थित ट्रेजरी कार्यालय में कार्यरत हैं और वहीं किराए के कमरे में रहती हैं। उनकी देखभाल में एक मासूम बेटा है, जिसकी देखरेख के लिए रक्षा देवी अक्सर एक-दो दिन के लिए गुरल से रक्कड़ आती-जाती रहती थीं।

बुधवार देर सायं भी रक्षा देवी अपने घर गुरल से रक्कड़ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रक्कड़ से करीब दो किलोमीटर पीछे अप्पर रक्कड़ क्षेत्र में अचानक उनका दुपट्टा बाइक की चेन में फंस गया। इस कारण वह संतुलन खो बैठीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रक्कड़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!